अयोध्याउत्तर प्रदेश

क्रिकेट लीग के तर्ज पर यूपी में जल्द होगा वालीबॉल लीग का आयोजन

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या। प्रदेश में वालीबॉल के विकास और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लखनऊ में यू.पी. वालीबॉल लीग का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दी। संगठन की बैठक में इस निर्णय को लिया गया कि प्रदेश में वालीबॉल के प्रमोशन के लिए जल्द लखनऊ में यूपी वालीबॉल एसोसिएशन का एक कैम्प कार्यालय स्थापित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राजभवन कालोनी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश में वालीबॉल को बढ़ावा देने के लिए सभी को संयुक्त रूप से प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि वालीबॉल के उत्थान और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए यू.पी. वालीबॉल लीग का आयोजन जल्द ही किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस अवसर पर, आगामी 8 अगस्त 2025 को मनाए जाने वाले वालीबॉल दिवस की जिम्मेदारी अयोध्या जिला वालीबॉल संघ के अध्यक्ष प्रियेश दूबे को दी गई है, और बेहतर आयोजन के लिए उन्हें आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं। एसोसिएशन के महासचिव सुनील तिवारी ने इस दौरान संगठन के अब तक के कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहीम, बी.एन. मिश्र, प्रदीप चौहान, डी.के. शाही, विमल पाण्डेय और प्रदेश संयोजक विशाल मिश्र भी उपस्थित रहे। यह पहल प्रदेश में वालीबॉल को एक नई दिशा देने की उम्मीद जगा रही है, और आने वाले समय में इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button