अभिषेक सिंह अध्यक्ष,दिनेश प्रताप महामंत्री बने

ग्राम विकास अधिकारी संघ कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन,
मोहनलालगंज।संवाददाता
सोमवार को विकासखंड मोहनलालगंज में स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में ग्राम विकास अधिकारी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति एवं निर्विरोध रूप से किया गया। बैठक की प्रक्रिया में पर्यवेक्षक के रूप में एडीओ (आईएसबी) अवध बिहारी की उपस्थिति रही, जिन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।
नवगठित कार्यकारिणी में पंकज वर्मा को संरक्षक, अभिषेक सिंह को अध्यक्ष, सरला वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दिनेश प्रताप सिंह को महामंत्री, राजेश सिंह को जनपद प्रतिनिधि, विनय सागर को कोषाध्यक्ष, बृजेश कुमार थारु को संगठन मंत्री, शशांक शुक्ला को प्रवक्ता, प्रमोद कुमार यादव को ऑडिटर तथा श्रुति अग्निहोत्री को उपाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर बीडीओ आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अधिकारियों की भूमिका ग्रामीण सशक्तिकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण है और नई कार्यकारिणी से बेहतर समन्वय और कार्य निष्पादन की अपेक्षा की जाती है।
बैठक के समापन पर अध्यक्ष सहित समस्त नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर अन्य कर्मचारियों ने भव्य स्वागत कर मिठाई बांट अपनी शुभकामनाएं दी।