तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, दो युवक घायल…..

मोहनलालगंज। लखनऊ, बीते गुरुवार रात मोहनलालगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने सामने से जा रही दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मोहनलालगंज के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है।घटना थाना मोहनलालगंज के गौरा तिराहे के पास रात लगभग 8:40 बजे घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमल पुत्र राम गोपाल निवासी गौरा एवं उसका मित्र कल्लू पुत्र असलम निवासी जबरौली, अपनी बाइक से गौरा तिराहे से घर लौट रहे थे। तभी निगोंहा निवासी शिवमोहन पुत्र ईश्वरदीन अपनी स्पलेंडर मोटरसाइकिल यूपी 32 पी•बी• 1780 से अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से आते हुए उनकी बाइक से टकरा गया।हादसे में विमल के पैर में गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टरों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है। वहीं, कल्लू के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। दोनों घायलों को मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से संजीवनी अस्पताल, मोहनलालगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। वहीं मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। गौरा निवासी गोपाल पुत्र शिव प्रसाद ने थाना मोहनलालगंज में आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज गति के कारण अक्सर दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा नियमित गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।