महाकुंभ जा रही बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, 12 श्रद्धालु घायल, चार की हालत गंभीर
![](https://i0.wp.com/www.baljinews.com/wp-content/uploads/2025/02/8e0fd40d-3bdd-4464-b7ca-e43753843a59.jpg?resize=662%2C340&ssl=1)
बरेली। प्रयागराज महाकुंभ जा रही निजी बस ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर दो भाग में बंट गया। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बीती रात करीब आठ बजे बरेली से महाकुंभ में जाने के लिए बस रवाना हुई थी। श्रीराम ट्रैवल्स की बस में 46 यात्रियों के साथ दो चालक और परिचालक समेत 50 लोग सवार थे। रात करीब साढ़े दस बजे तिलहर में अलकबीर ढाबे के पास सड़क किनारे गन्ना से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी थी। ट्रैक्टर का गियर बक्सा खराब हो गया था।
इस बीच बरेली से लखनऊ की तरफ जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। माना जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण बस का चालक ट्रॉली को देख नहीं पाया। जोरदार टक्कर लगने के बाद ट्रॉली दूर जा गिरी और ट्रैक्टर दो भाग में बंट गया। बस कुछ दूर जाकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक मोंटी निवासी तहवार गंज थाना कटरा, बस चालक मुनेंद्र निवासी आनंदविहार बरेली, रामसरन और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।
सत्यवती निवासी सुभाषनगर बरेली, सुनील कुमार, मोर कली निवासी इंदिरा नगर, विभु गुप्ता आदि घायल हो गए। पुलिस शेष लोगों को दूसरी बस से प्रयागराज भेजने की तैयारी कर रही है।