दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत, चार गंभीर घायल; हादसे के बाद हंगामा

बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ी घटना हो गई। नेशनल हाईवे किनारे स्थित ईंट भट्ठे की कच्ची दीवार गिरने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। दो घंटे में बुलडोजर से मलबा हटाकर चार मजदूरों को बाहर निकाला गया। चारों गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांचवें मजदूर की मौत हो गई। उसका शव करीब तीन घंटे बाद निकाला जा सका। घटना के बाद मजदूरों के परिजन आक्रोशित हो गए और हाईवे पर आकर जाम लगाने की कोशिश की।
ईंटों की भराई करते समय हुआ हादसा
मीरगंज क्षेत्र के परौरा गांव के समीप नेशनल हाईवे किनारे दुर्गा ब्रिक फील्ड नाम से ईंट भट्ठा है। शनिवार को सुबह मजदूर भट्ठे में ईंटों की भराई कर रहे थे। इसी दौरान भट्ठे की एक गज चौड़ी कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में पांच मजदूर दब गए। चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मलबा हटाने के लिए जेसीबी व क्रेन लाई गईं। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया।