शराब के नशे में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, हालत चिंताजनक

बरेली। थाना सुभाष नगर क्षेत्र में शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी पति शराब का आदी है और आए दिन नशे में उसकी पिटाई करता था। पहले भी कई बार उसने इस तरह की घटना की, लेकिन इस बार उसने हद पार कर पत्नी पर चाकू और सरिया से हमला कर दिया। परिवार के लोगों के मुताबिक पति पत्नी पर शक करता है। घटना के दिन भी उसने इसी शक के चलते गुस्से में आकर हमला कर दिया। घटना के बाद महिला के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पीड़िता के परिवार ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।