मांझा कारखाने में तेज धमाका, तीन की मौत, शवों के उड़े चीथड़े
![](https://i0.wp.com/www.baljinews.com/wp-content/uploads/2025/02/fe266c90-81d4-4c82-8983-345afce4a159.jpg?resize=780%2C232&ssl=1)
डीएम,एसएसपी ने घटना स्थल का मुआयना किया
बरेली। किला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह बड़ी घटना हो गई। बाकरगंज की तंग गली में स्थित मांझा कारखाने में तेज धमाका हुआ, जिससे कारखाना मालिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल गया। धमाके की आवाज तीन किलोमीटर तक सुनी गई। शवों के चीथड़े उड़ गए। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि इस इलाके में आठ साल पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी।
जानकारी के मुताबिक बाकरगंज में अतीक रजा खां का मकान है। वह मकान के पिछले हिस्से में मांझा बनाने का कारखाना चला रहे थे। शुक्रवार को सुबह मांझा बनाते समय तेज धमाका हो गया। घटना में अतीक और मांझा कारीगर फैजान की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा कारीगर सरताज गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
सिलिंडर फटने की मिली थी सूचना
मौके पर पहुंचे सीओ टू संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में सिलिंडर फटा है, लेकिन जांच में सिलिंडर फटने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। मकान में मांझा बनाया जा रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि ये लोग गंधक और पोटाश को पीसकर एक मिश्रण बनाते थे, जो मांझे के ऊपर चढ़ाते थे। इसी प्रक्रिया के दौरान धमाका हुआ है। वहीं, डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया।