जादूगर मिस्टर इंडिया ने इंटरनेशनल यूनिटी अवॉर्ड जीतकर बढ़ाया देश का गौरव

अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोंडा। जिले के परसपुर विकासखंड के ग्राम सीरपुरवा हरदिहा सपौर निवासी अंतरराष्ट्रीय जादूगर मिस्टर इंडिया ने अपनी अद्भुत जादुई कला से एक बार फिर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने दस देशों भारत, तुर्की, चीन, अर्जेंटीना, रूस, साउथ अफ्रीका, इंडोनेशिया, मॉस्को, यूनाइटेड किंगडम और साउथ कोरिया की संयुक्त प्रतियोगिता में भाग लेकर इंटरनेशनल यूनिटी अवॉर्ड पर कब्जा जमाया। यह प्रतियोगिता शांति फाउंडेशन के तत्वावधान में कनाडा और साउथ अफ्रीका की निर्णायक टीम के नेतृत्व में आयोजित की गई थी,जिसमें निर्णायकों ने उनकी प्रतिभा और जादुई कौशल को देखते हुए विजेता घोषित किया है। मिस्टर इंडिया अब तक 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड जीत चुके हैं। गत 26 नवंबर को गोंडा में शांति फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्होंने अपनी जादुई कला का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में फाउंडेशन की प्रेसिडेंट पिंकी देवी, कनाडा के निर्णायक डॉ. केतन कुलकर्णी और साउथ अफ्रीका की ब्रांड एंबेसडर बेजंती मक्का ने उन्हें इंटरनेशनल यूनिटी अवॉर्ड से सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर वासुदेव सिंह (चेयरमैन), वरिष्ठ पत्रकार इंद्रप्रकाश शुक्ला, प्रधान अजय शुक्ला, सहदेव चौहान उर्फ मुंशी, शिक्षक विजय सिंह, देवेंद्र दत्त मिश्रा और अखिलेश सिंह समेत तमाम गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां दीं। जादूगर मिस्टर इंडिया की यह सफलता न केवल उनके गांव और जिले बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी कहानी यह प्रेरणा देती है कि अद्वितीय प्रतिभा और समर्पण से वैश्विक मंच पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।