प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय ने धूमधाम से मनाया 89वां महोत्सव,निकली भव्य शोभायात्रा

नगर के मुख्य मार्गों के कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और झांकियों का फूल वर्षा के साथ किया गया स्वागत
अनिल कुमार द्विवेदी
बी न्यूज दैनिक
गोण्डा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग सेवा केंद्र ने भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया। शोभायात्रा कर्नलगंज नगर के गाड़ी बाजार मोहल्ले से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकाली गई। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और झांकियों का फूल वर्षा के साथ स्वागत किया गया। विश्वविद्यालय सेवा केंद्र की संचालिका बीके सुमित्रा दीदी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीदी ने शिव बाबा का परिचय देते हुए महावाक्य सुनाए और सभी को ज्ञान से अवगत कराया। शोभायात्रा में भारत माता, भगवान शंकर और झांसी की रानी की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालु जागरूकता के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। कर्नलगंज नगर के चौक घंटाघर स्थित आदिशक्ति भवानी माता मंदिर पर झांकियों का विशेष स्वागत किया गया और प्रसाद का वितरण भी हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम में तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल, पिंटू मिश्रा, अशोक सिंहानिया, सरदार जोगिंदर सिंह जानी, शिवशंकर “शिवा भट्ट”, कन्हैया लाल वर्मा, आशीष कुमार गिरि, कैलाश सोनी और कनक बिहारी दास सहित अनेकों गणमान्य लोग शामिल हुऐ।