उत्तराखण्ड

पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, बदलने लगा मौसम

अनीता तिवारी , बालजी दैनिक

देहरादून , 15 अक्टूबर , ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी ने कड़ाके की ठंड का आगाज कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिल रही है। हालांकि सुबह और शाम की ठंडक अब महसूस होने लगी है।

पर्वतीय इलाकों में सुबह के समय ठिठुरन बढ़ रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। दून में रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जहां बीते दिनों दून में उमस और गर्मी से लोग परेशान थे, वहीं अब दिन में भी ठंडी हवाएं बहने लगी हैं, जो पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के कारण कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है, जबकि निचले इलाकों में सुबह और शाम ठंडक का एहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आ रही है और पिछले दो दिनों में यह दो डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। 15 अक्टूबर के बाद तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान हेमकुंड साहिब में लगभग 2 इंच तक बर्फ जम गई, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंड का असर और बढ़ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button