उत्तराखण्डराज्य

डिजिटल होगी रजिस्ट्री की जानकारी, भवन कर वसूली में आएगी तेजी।

शहर में संपत्ति खरीदने के बाद नगर निगम के अभिलेखों में नाम दर्ज कराने और भवन कर संबंधी प्रक्रिया में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा। रजिस्ट्री होते ही संपत्ति का ब्योरा ऑनलाइन नगर निगम तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए डिजिटल प्लेटफार्म तैयार किया गया है और निगम के कर्मचारियों को इसके संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

 

नई व्यवस्था शुरू होने के बाद रजिस्ट्री कार्यालय में संपत्ति का पंजीकरण होते ही संबंधित जानकारी नगर निगम को उपलब्ध हो जाएगी। इससे संपत्ति के नए स्वामी का विवरण प्राप्त करने के लिए निगम को अलग से प्रक्रिया नहीं करनी पड़ेगी। जानकारी मिलने के बाद निगम की ओर से नए मालिक को दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) और भवन कर जमा करने के संबंध में आवश्यक सूचना दी जा सकेगी।

 

अभी संपत्ति खरीदने के बाद नए मालिक को नगर निगम में म्यूटेशन के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता है। आवेदन के साथ रजिस्ट्री की प्रति समेत अन्य दस्तावेज जमा करने और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होता है। इसके बाद निगम स्तर पर दस्तावेजों की जांच पूरी होने पर कर अभिलेखों में नए स्वामी का नाम दर्ज किया जाता है।

 

नई व्यवस्था लागू होने से यह प्रक्रिया अधिक सुगम होने की उम्मीद है। रजिस्ट्री की जानकारी समय पर मिलने से उन संपत्तियों को भी चिह्नित करना आसान होगा, जिन पर भवन कर निर्धारित नहीं है या पुराने कर की राशि बकाया है। इससे नगर निगम की कर वसूली में भी तेजी आने की संभावना है।

 

2022 से चल रही है ई-म्यूटेशन सुविधा

 

नगर निगम ने सितंबर 2022 में ई-म्यूटेशन की सुविधा शुरू की थी। इसके तहत लोग घर बैठे म्यूटेशन के लिए आवेदन करने, जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने और शुल्क जमा करने के साथ आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं। हालांकि रजिस्ट्री कार्यालय से संपत्ति की जानकारी निगम को स्वत: मिलने की व्यवस्था अब तक नहीं थी।

 

नई डिजिटल प्रणाली से रजिस्ट्री विभाग और नगर निगम के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान सीधे हो सकेगा। इससे संपत्ति के स्वामित्व में बदलाव का रिकॉर्ड समय पर अपडेट होगा। साथ ही नए मालिक को म्यूटेशन की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत भी कम होगी।

 

नगर निगम को उम्मीद है कि व्यवस्था लागू होने के बाद संपत्तियों का कर रिकॉर्ड अधिक व्यवस्थित होगा। इससे राजस्व बढ़ाने के साथ भवन कर वसूली में पारदर्शिता लाने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button