राज्यहरियाणा

हरियाणा में दीवाली का महा-तोहफा: CM नायब सैनी ने 52 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में भेजे ₹4,470 करोड़, DA में 3% का इजाफा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 52 लाख 21 हजार 83 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 4470 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि जारी की।

चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 10 लाख 59 हजार महिलाओं के खातों में 222 करोड़ 52 लाख रुपये डाले गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नियमित कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। अब डीए और डीआर 60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ोतरी एक जुलाई 2026 से लागू होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 13 किस्तों में 2689 करोड़ 15 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। योजना का दूसरा चरण 17 सितंबर से शुरू हो चुका है। इसके तहत योजना का दायरा बढ़ाते हुए वार्षिक आय सीमा एक लाख 80 हजार रुपये कर दी गई है।

35.26 लाख लोगों को मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 26 हजार 358 लाभार्थियों के खातों में 1135 करोड़ 21 लाख रुपये डाले गए हैं। वहीं, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली छह लाख पांच हजार महिलाओं को सितंबर महीने की 24 करोड़ 25 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई है। इस योजना के तहत अब तक कुल 404 करोड़ 46 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की जा चुकी है।

दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) के तहत 5429 परिवारों को 202 करोड़ 99 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस राशि को मिलाकर योजना के तहत अब तक 3682 करोड़ 83 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।

गांवों और शहरों के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि गांवों के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग के तहत 2316 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसकी पहली और दूसरी किस्त के रूप में 1158 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह राशि प्रदेश की 22 जिला परिषदों, 143 पंचायत समितियों और 6230 ग्राम पंचायतों के खातों में डाली गई है।

इसी तरह शहरों के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग योजना के तहत 2754 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसमें से नगरपालिकाओं को 1727 करोड़ 80 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

मधुमक्खी पालकों को मिलेगा 6.25 लाख रुपये तक बीमा क्लेम

मुख्यमंत्री ने मधुमक्खी पालकों को राहत देते हुए मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त 2025 को कुरुक्षेत्र में शहद को भावांतर भरपाई योजना में शामिल करने की घोषणा की गई थी। इसके तहत शहद का संरक्षित मूल्य 120 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है।

अब मधुमक्खी पालकों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान पर बीमा सुरक्षा मिलेगी। इसके लिए उन्हें प्रति कॉलोनी और प्रति बॉक्स केवल 50 रुपये प्रीमियम देना होगा। योजना के तहत मधुमक्खी पालक को अधिकतम 6 लाख 25 हजार रुपये तक बीमा क्लेम मिल सकेगा।

5.38 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए बढ़ोतरी का लाभ

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नियमित कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। इससे डीए और डीआर की दर 60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है। यह बढ़ोतरी एक जुलाई 2026 से लागू होगी। इसका लाभ करीब दो लाख 78 हजार नियमित कर्मचारियों और दो लाख 60 हजार पेंशनरों को मिलेगा।

मंडियों में 43 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद

मुख्यमंत्री ने धान खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की 278 मंडियों में 29 सितंबर से धान की खरीद शुरू हुई थी, जो 15 नवंबर तक चलेगी। मंडियों में पांच नवंबर तक 48 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हुई है। इसमें से 43 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है।

कॉमन धान 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2461 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। अब तक 2 लाख 88 हजार 102 किसानों को धान खरीद के एवज में 9880 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में धनतेरस, दीपावली और आने वाले सभी पर्वों की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button