उत्तराखण्डराज्य

प्रदेश को मिले 36 नए नायब तहसीलदार,सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र।

प्रदेश को 36 नए नायब तहसीलदार मिले हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नवनियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। बेटियों की यह उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही अधिकारियों के कंधों पर जनता की सेवा की जिम्मेदारी भी आ गई है। नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके काम का सीधा संबंध लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण संवेदनशीलता और तय समयसीमा में किया जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तहसील पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और उन्हें आवश्यक दस्तावेज व प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

 

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका अहम हो जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समय पर आकलन कर प्रभावित परिवारों तक जल्द राहत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नवनियुक्त अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियम और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज काम को भी समय पर पूरा करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।

 

धामी ने अधिकारियों से सरकार के मूल मंत्र सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण को कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button