राज्यहरियाणा

हरियाणा के सीएम से मिले सेना प्रमुख, अग्निवीरों के रोजगार और पूर्व सैनिकों के कल्याण पर चर्चा

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ (पीवीएसएम, यूवाइएसएम, एवीएसएम) ने उनके आवास संत पर मुलाकात की। बैठक में सिविल-मिलिट्री समन्वय को मजबूत करने और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

भारतीय सेना में सेवारत हरियाणा के खिलाड़ियों द्वारा खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। जनरल धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के लिए सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्वास एवं स्थायी बसाव के लिए नए अवसर तलाशने पर भी चर्चा की।

इस अवसर पर पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह (एवीएसएम, एसएम) सहित सेना मुख्यालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनरल धीरज सेठ द्वारा भारतीय सेना के प्रमुख का पदभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री के साथ यह पहली मुलाकात थी। बैठक का समन्वय सिविल-मिलिट्री अफेयर्स एवं आईटी के सलाहकार कर्नल जसदीप संधू ने किया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा का सशस्त्र बलों के साथ लंबे समय से गहरा जुड़ाव है और राज्य सरकार सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार एवं अन्य अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार तथा सशस्त्र बलों के बीच निरंतर समन्वय के महत्व पर बल दिया।

बैठक में आंतरिक सुरक्षा, युवाओं के सशक्तीकरण, अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर, पूर्व सैनिकों के कल्याण, आवास परियोजनाओं, आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल तथा परिचालन तैयारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान तैयारियों एवं प्रभावी प्रतिक्रिया तथा इनके प्रभाव को न्यूनतम करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button