
रांची: अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ की ओर से किये जा रहे चरणबद्ध आंदोलन को संघ ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से वार्ता के बाद स्थगित करने की घोषणा की है. राज्य में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं वर्तमान चरणबद्ध आंदोलन के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री की ओर से पहल करते हुए नेपाल हाउस मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य की उपस्थिति में संघ के नेताओं के साथ बैठक हुई.
बैठक में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की मांगों एवं समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की. इसके बाद सरकार की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन स्वास्थ्य मंत्री की ओर से दिया गया. सरकार की इस सकारात्मक पहल को देखते हुए झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने वर्तमान आंदोलन को 20 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है.
मांगे नहीं मानी तो 6 अक्टूबर से फिर होगी आंदोलन
नीरज तिवारी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि निर्धारित अवधि में कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सरकार द्वारा ठोस कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि मांगों का समाधान नहीं होता है तो 6 अक्टूबर 2026 से पुनः चरणबद्ध तरीके से आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा.
संघ और स्वास्थ्य मंत्री के बीच हुई बैठक में भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री राजीव रंजन सिंह, भारतीय मजदूर संघ के झारखंड प्रदेश मंत्री सह प्रभारी रामाशंकर प्रसाद, जिलामंत्री सुबोध कुमार यादव, नीरज तिवारी, मुकेश कुमार, रविकांत देव, कुणाल बनर्जी, रविंद्र शर्मा, राजकुमार साव, सुरेंद्र लहरी, मुकेश कुमार, अशोक कुमार, नवीन कुमार,निर्भय राणा, विकास कुमार, शंभू यादव, रामचंद्र साव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.


