छतीसगढ़राज्य

कवर्धा में गन्ना किसानों को बड़ी राहत: सरदार पटेल शक्कर कारखाना ने ₹30 प्रति किलो में बांटी 50 किलो चीनी

कवर्धा. बढ़ती चीनी की कीमतों के बीच पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के 11 हजार से अधिक शेयरधारी किसानों को रियायती दर पर चीनी का वितरण किया गया. किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो चीनी दी गई. रियायती दर पर चीनी मिलने से किसानों में खुशी नजर आई.

प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन

इस दौरान शक्कर कारखाना परिसर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन भी किया गया. जल्द ही कारखाना परिसर में सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि वर्ष 2024-25 और 2025-26 की रिकवरी राशि किसानों को उपलब्ध कराई गई है.

पंडरिया के किसानों को अब तक की सबसे बड़ी एकमुश्त राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है. साथ ही शक्कर कारखाना को देश के अग्रणी कारखानों में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.- भावना बोहरा, विधायक

महाराष्ट्र से उन्नत किस्म के बीज लाए गए

किसानों की उत्पादकता और आमदनी बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र से गन्ने की उन्नत किस्म का बीज भी लाया गया है. किसानों को उन्नत बीज अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि गन्ने की पैदावार बढ़ने के साथ आय में भी वृद्धि हो सके.

सड़क निर्माण को भी स्वीकृति

भावना बोहरा ने कहा कि किसानों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पर भी पहल की गई है. करोड़ों रुपए की लागत से करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण को स्वीकृति दी गई है. सड़क बनने से किसानों को खेतों से शक्कर कारखाना तक गन्ना ट्रैक्टर के माध्यम से पहुंचाने में सुविधा होगी.

बोनस बढ़ाने की मांग उठी

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने गन्ने के बोनस की राशि बढ़ाने की मांग भी विधायक के सामने रखी. विधायक भावना बोहरा ने भरोसा दिलाया कि किसानों की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी और बोनस राशि बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button