पंजाबराज्य

पंजाब राजनीति में बड़ी हलचल: एक साल में कमजोर पड़ा अकाली दल (पुनर्सुरजीत), दिग्गजों की शिअद में वापसी

चंडीगढ़। अगस्त 2025 को गठित किया गया शिरोमणि अकाली दल (पुनर्सुरजीत) एक वर्ष के भीतर कमजोर पड़ता दिख रहा है। इसे खड़ा करने वाले कई बड़े नेता फिर से शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में वापसी करने लगे हैं।

पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा, उनके बेटे हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा और बरजिंदर सिंह बराड़ जैसे दिग्गज जहां शिअद में शामिल हो चुके हैं, वहीं कुछ अन्य नाम इस सूची में शामिल हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पूर्व एसजीपीसी प्रधान बीबी जागीर कौर भी जल्द शिअद में वापसी करेंगी।

ध्यान रहे कि शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने चंदूमाजरा की वापसी पर कहा था कि आने वाले दिनों में और नेता लौटेंगे। चर्चा है कि सुखबीर कपूरथला जिले के बेगोवाल जाकर जागीर कौर को पार्टी में शामिल करेंगे लेकिन इसकी तिथि अभी तय नहीं हुई है।

चुनाव लड़ने के लिए मजबूत राजनीतिक समर्थन जरूरी: बीबी जागीर कौर

हाल ही में बीबी जगीर कौर ने भी कहा है कि उन्हें चुनाव लड़ने के लिए मजबूत राजनीतिक समर्थन जरूरी है। अपने साथियों से बात की तो उनका कहना है कि शिअद पुनर्सुरजीत ऐसा ढांचा नहीं देता, जिस पर चुनाव के लिए भरोसा किया जा सके। उनके मुताबिक, समर्थक नहीं चाहते कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ें। इसके साथ ही स्पष्ट किया कि उन्होंने शिअद नहीं छोड़ा था, बल्कि उन्हें निकाला गया था।

घर वापसी की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि वह जन्म से ही अकाली हैं और अकाली ही रहेंगी। कांग्रेस, भाजपा या आप में जाने से इन्कार करते हुए जागीर कौर ने शिअद-भाजपा गठबंधन का भी समर्थन किया है।

भुलत्थ की पूर्व विधायक और लुबाना भाईचारे में अच्छी पकड़ रखने वालीं बीबी जगीर कौर का बेगोवाल, भुलत्थ और कपूरथला समेत दोआबा क्षेत्र में अपना काडर है।

20 नवंबर को होगा एसजीपीसी का चुनाव

यहां 2022 के चुनाव में अकाली दल के हाथ खाली रहे थे। खास बात यह है कि 20 नवंबर को एसजीपीसी प्रधान का चुनाव होना है। मौजूदा प्रधान एचएस धामी पांचवीं बार मैदान में हैं।

चर्चा यह भी है कि बीबी जागीर कौर भी प्रधानगी की दौड़ में हैं। 2025 के चुनाव में धामी को 142 में से 107 वोट मिले थे, जबकि बीबी को 33 वोट। हालांकि बीबी ने स्पष्ट किया है कि उनका फोकस विधानसभा चुनाव पर है, लेकिन एसजीपीसी में उनकी भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button