उत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर में CM योगी का विपक्ष पर वार, ‘विकास पसंद नहीं करने वाले समाज को बांटने में जुटे’

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बशारतपुर में कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जिन्हें विकास पसंद नहीं, जिन्हें चौड़ी सड़कें, कल्याण मंडपम, युवाओं की नौकरी और उत्सवपूर्ण माहौल पसंद नहीं है, वे फिर से समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों से जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने विपक्षी दलों को डकैतों का गिरोह बताते हुए कहा कि जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने प्रदेश में लूटपाट और अराजकता को बढ़ावा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में पर्व और त्योहार बिना भेदभाव, उपद्रव और अराजकता के उत्साहपूर्वक मनाए जा रहे हैं। सुरक्षा का माहौल है। किसी बेटी, व्यापारी या गरीब के साथ अन्याय करने की कोशिश करने वाले को कानून के दायरे में लाया जाएगा। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जो कानून का सम्मान करेगा, कानून उसका सम्मान करेगा, लेकिन कानून की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में देर नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का संकट था। गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस का भय लंबे समय तक बना रहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1977 से चली आ रही इस बीमारी के कारण हर वर्ष परिवार अपने बच्चों को खोने की आशंका में रहते थे। कई सरकारों को अवसर मिला, लेकिन इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी काम नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया के साथ मच्छर और बीमारी के खिलाफ भी अभियान चलाया। आज इंसेफेलाइटिस से पूर्वी उत्तर प्रदेश में किसी मासूम की मृत्यु नहीं हो रही है। इसी तरह प्रदेश में माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि कोई माफिया सिर उठाएगा तो उसे कानून के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
गरीबों के लिए कल्याण मंडपम, महंगे होटलों का विकल्प

मुख्यमंत्री ने बशारतपुर के कल्याण मंडपम को गरीब और सामान्य परिवारों के लिए उपयोगी सुविधा बताया। उन्होंने कहा कि इसमें बड़ा सभागार है, जहां 300 से 500 लोग कार्यक्रम कर सकते हैं। इसके अलावा छोटा सभागार, छह कमरे, अटैच्ड रूम और बड़ा लॉन भी बनाया गया है। यहां शादी-विवाह, मुंडन, बैठक, सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सार्वजनिक आयोजन किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी गरीब परिवार के लिए बेटी की शादी में महंगे होटल या मैरिज हॉल का खर्च उठाना आसान नहीं होता। ऐसे परिवारों को अब कम खर्च में बेहतर सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर महानगर में छह कल्याण मंडपम तैयार हो चुके हैं।

मानबेला, जंगल तुलसीराम पश्चिमी, बिछिया, माधवनगर, जंगल बेनी माधव नंबर एक और बशारतपुर में इनका निर्माण हुआ है। तीन अन्य निर्माणाधीन हैं तथा आने वाले समय में कुछ और कल्याण मंडपम स्वीकृत किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में पांच लाख बेटियों का विवाह कराया जा चुका है। वर्तमान में बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। कल्याण मंडपम इस सुविधा को और मजबूत करेगा।

महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, मेधावी बेटियों को स्कूटी

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को दी गई मुफ्त बस यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में माताओं, बहनों और बेटियों ने परिवहन निगम और नगर निगम की बसों से यात्रा कर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

उन्होंने घोषणा की कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को भी परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे वे अयोध्या, काशी, प्रयागराज और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष की मेधावी 50 हजार बेटियों को अगले दो महीने में स्कूटी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे रही है।
चुनाव से पहले एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने रोजगार के मोर्चे पर कहा कि प्रदेश में अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले एक वर्ष में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।
गोरखपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन विकसित किया जा रहा है।

यहां आने वाले युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। यदि कोई युवा जापान, जर्मनी या इजराइल जैसे देशों में काम करना चाहता है तो उसके लिए भी कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा।

सड़क, स्वास्थ्य और पर्यटन में बदली गोरखपुर की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में अब चार विश्वविद्यालय हैं। एम्स के साथ मेडिकल सुविधाओं का विस्तार हुआ है। क्षेत्र के अन्य जिलों में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। सड़कों का चौड़ीकरण हुआ है और फोरलेन-सिक्सलेन मार्गों का नेटवर्क तैयार हुआ है। ट्रांसपोर्ट नगर में फ्लाईओवर, विरासत गलियारा और सीएम ग्रिड जैसी परियोजनाएं शहर को नई पहचान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल अब पर्यटन और फिल्म शूटिंग का नया केंद्र बन रहा है। कभी अपराध के लिए बदनाम रहा रामगढ़ताल आज शहर की पहचान बन चुका है। गोरखपुर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए गोरधोवन नाला जैसी परियोजनाओं का भी लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी की दिशा में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से सफाई, यातायात और नागरिक सुविधाओं की निगरानी हो रही है। विकास के साथ सुरक्षा का माहौल भी मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि, बेटियों की शिक्षा, विवाह सहायता और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और व्यापारी सभी के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।

जाति के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को विकास की यह प्रक्रिया पसंद नहीं है, वे अब जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अराजकता, कर्फ्यू और माफिया का प्रभाव प्रदेश की पहचान बन गया था। गरीबों और व्यापारियों की जमीनों पर कब्जे को लेकर भय का माहौल रहता था। अब सरकार किसी गरीब, दलित, वंचित, बेटी या व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने देगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रथम और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ विकास की यह यात्रा आगे बढ़ रही है। उन्होंने जनता से विकास की प्रक्रिया से जुड़ने और प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन तथा उत्सव के माहौल को बनाए रखने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को भी उत्साह और उल्लास के साथ मनाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button