Uncategorizedचंडीगढ़देशपंजाबराज्य

पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला युवाओं के हित में: तरुण चुघ

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पेपर लीक मामलों में दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उन लाखों छात्रों के हित में है, जो वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की अपेक्षा रखते हैं।

तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतेगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार फैलाने वाले गिरोह और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने में फास्ट ट्रैक कोर्ट अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। वर्ष 2017 में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की स्थापना, वर्ष 2024 में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम लागू करना तथा विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर बायोमेट्रिक सत्यापन और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाना इसी दिशा में किए गए प्रयास हैं।

तरुण चुघ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे पर गंभीर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन दलों के शासनकाल में अनेक परीक्षा घोटाले सामने आए, वही आज युवाओं के हितैषी बनने का दावा कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान राष्ट्रीय और राज्य स्तर की कई भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उस समय प्रभावी कानूनी व्यवस्था के अभाव में दोषियों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हो सकी।

भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना है। उनका विश्वास है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, तकनीकी सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ त्वरित न्यायिक कार्रवाई से छात्रों का भरोसा मजबूत होगा तथा भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में सफलता मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button