राज्यहरियाणा

हरियाणा को मिली बड़ी कामयाबी: सीएम नायब सैनी के गुजरात दौरे के पहले ही दिन मिले 12 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव

चंडीगढ़। हरियाणा में औद्योगिक विकास को गति देने और नए निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गुजरात दौरे पर गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को पहले ही दिन करीब 12 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

सूरत में विभिन्न कंपनियों के साथ हुए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) में डिफेंस टेक्सटाइल, टेक्निकल टेक्सटाइल, औद्योगिक मशीनरी, सौर ऊर्जा, कॉस्मेटिक निर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे क्षेत्रों में निवेश पर सहमति बनी है। इन प्रस्तावों से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

500 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित समझौते शामिल

निवेश प्रस्तावों के तहत डिफेंस टेक्सटाइल क्षेत्र में 5,000 करोड़ रुपये, वेस्ट-टू-एनर्जी में 4,000 करोड़ रुपये, टेक्निकल टेक्सटाइल में 2,000 करोड़ रुपये और औद्योगिक मशीनरी क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित समझौते शामिल हैं। इसके अलावा सौर ऊर्जा और कॉस्मेटिक निर्माण के क्षेत्र में कुल 400 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनी है।

गुजरात दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न कंपनियों के संस्थापकों, प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों में हरियाणा में मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार, नई इकाइयां स्थापित करने और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार निवेशकों और उद्यमियों को अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

ग्लोबल समिट में शामिल होने का न्योता

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों को अप्रैल 2027 में हरियाणा में आयोजित होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल समिट’ में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को आवश्यक अनुमतियां, नियमानुसार प्रोत्साहन और विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

प्रस्तावित निवेशों से सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग, विभाग के मुख्य समन्वयक सुनील शर्मा, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध यादव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक मानव मालिक दौरे पर रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button