
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र भले ही छोटा होगा, लेकिन इसके हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। विपक्षी दल कांग्रेस हरियाणा कौशल रोजगार निगम को बंद करने तथा इसमें पहले से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर सरकार पर हमलावर है। संभावना है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस सदन की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश करेगी।
वहीं, विधानसभा स्पीकर ने सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार शाम विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में हुई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सत्र का कार्यक्रम तय किया गया।
तीन विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल शामिल हुए।
सत्र के पहले दिन तीन विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। इनमें हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम श्राइन बिल, हरियाणा म्युनिसिपल कारपोरेशन संशोधित बिल और हरियाणा कोर्ट्स संशोधित बिल शामिल हैं।





