राज्यहरियाणा

सीएम सैनी के आश्वासन पर पार्ट-टू और हारट्रोन कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया स्थगित

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा पार्ट-टू एवं हारट्रोन कर्मचारियों को नियमित करने का आश्वासन दिए जाने के बाद कर्मचारियों ने 11 अगस्त को होने वाला प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

कालका की विधायक शक्तिरानी शर्मा की मौजूदगी में कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे पार्ट-टू एवं हारट्रोन कर्मचारियों के नियमितीकरण से संबंधित सभी कानूनी तथ्यों, प्रशासनिक दस्तावेजों एवं प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार पूर्वक रखा।

11 अगस्त को पंचकूला में प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं पर कानूनी पहलुओं को समझते हुए कर्मचारियों को नियमानुसार शीघ्र उचित एवं सकारात्मक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पार्ट-टू एवं हारट्रोन कर्मचारियों ने 11 अगस्त को पंचकूला में प्रस्तावित प्रदर्शन को स्थगित करने का निर्णय लिया।

कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का भी विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया कि उन्होंने अपनी व्यस्तता के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को प्राथमिकता से सुना तथा उनके भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक रुख अपनाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन से कर्मचारियों में नई उम्मीद एवं विश्वास पैदा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button