उत्तराखण्डराज्य

हरियाणा के युवाओं को मिलेगी AI, EV और ड्रोन की ट्रेनिंग: 7 ITI के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 320 करोड़ रुपये, सीएम सैनी का बड़ा ऐलान

कुरुक्षेत्र: हरियाणा में युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. कुरुक्षेत्र, कैथल और अंबाला की 7 आईटीआई के आधुनिकीकरण पर 320 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का लोकार्पण करते हुए यह घोषणा की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 43.31 करोड़ रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी.

7 ITI में AI, EV और ड्रोन तकनीक की ट्रेनिंग: इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, “युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है. पीएम-सेतु योजना के तहत सात आईटीआई को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस किया जाएगा. यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उन्नत आईटी ट्रेड्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल तकनीक, सौर ऊर्जा, साइबर सुरक्षा, ड्रोन तकनीक, ऑडियो-वीडियो एवं ग्राफिक्स तथा ब्यूटी एंड वेलनेस जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसरों के लिए भी युवाओं को तैयार किया जाएगा.”

हर साल 10 हजार युवाओं को विदेश में रोजगार का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ने बताया कि, “नवीन अवसर कार्यक्रम के तहत हर साल 10 हजार से अधिक युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है. इसके बाद उन्हें जर्मनी, जापान, इटली, फिनलैंड और ओमान जैसे देशों में सुरक्षित एवं सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे. सरकार चाहती है कि हरियाणा का युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करे और बेहतर भविष्य बनाए.”

बहलोलपुर स्किल सेंटर में 1000 युवाओं को प्रशिक्षण: गांव बहलोलपुर में स्थापित महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का नया रास्ता खोलेगा. सांसद नवीन जिंदल और नवीन जिंदल फाउंडेशन के सहयोग से विकसित इस केंद्र में प्रतिवर्ष एक हजार से अधिक युवाओं को अल्पकालिक कौशल प्रशिक्षण देने की योजना है. यहां युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा.

नामी संस्थाओं के साथ हुआ समझौता: स्किल सेंटर को वैश्विक स्तर की ट्रेनिंग का केंद्र बनाने के लिए कई प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ समझौते किए गए हैं. इनमें नेट्टर टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन (NTTF), बजाज ऑटो, नाइलिट (NIELIT), स्किल काउंसिल फॉर ग्रीन जॉब्स और नैसकॉम (NASSCOM) शामिल हैं. इन संस्थाओं के सहयोग से युवाओं को तकनीकी दक्षता और उद्योगों के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा.

2047 तक 50 लाख रोजगार देने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार ने हरियाणा विजन-2047 तैयार किया है. इसके तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी बनाना चाहती है. इसी दिशा में नई स्टार्टअप नीति के तहत प्रदेश में अब तक 12 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं.”

बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को मिली सरकारी नौकरी: मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कहा कि, “प्रदेश सरकार ने योग्यता को सर्वोपरि रखा है. पिछले वर्षों में करीब दो लाख युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची पूरी तरह पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं. विदेशों में सुरक्षित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और अवैध डंकी रूट पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं. इसके लिए विदेश सहयोग विभाग का गठन भी किया गया है.”

लाडवा को मिली 43.31 करोड़ की विकास परियोजनाएं: कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाडवा क्षेत्र के लिए 43.31 करोड़ रुपये की छह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें गांव खेड़ी दबदलान और कोलापुर में नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र, लाडवा में लोक निर्माण विश्राम गृह, जीटी रोड से कोलापुर तथा बरगट चौक से सुनारिया चौक तक सड़क को फोरलेन करना शामिल है. इसके अलावा लाडवा में डॉ. बी.आर. आंबेडकर भवन और इंद्री रोड पर सामुदायिक केंद्र का निर्माण भी इन परियोजनाओं का हिस्सा है.

शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा कुरुक्षेत्र: वहीं, सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि, “मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण की राजधानी बनाया जाएगा. इन प्रयासों से क्षेत्र के युवाओं को अपनी मेहनत और हुनर के दम पर देश-विदेश में पहचान बनाने का अवसर मिलेगा.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button