
चंडीगढ। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी शनिवार को चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। इसे लेकर शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में अन्य नेताओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा व हरपाल सिंह चीमा ने हिस्सा लिया। बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई और 30-35 नामों की सूची तैयार करके आगामी मंत्रणा के लिए पार्टी की पालिटिकल अफेयर्स कमेटी को भेजी गई है, जिसकी शनिवार को बैठक होगी।
12 बजे तक हो सकती है सूची जारी
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि प्रक्रिया के बाद उम्मीद है कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा सकती है। सीएम ने कहा कि पहली सूची में 30 से 35 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आज की बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मौजूदा विधायकों के साथ-साथ पहली बार चुनाव लड़ने वाले नेताओं के नामों पर विस्तार से चर्चा की है और जिनके नामों पर सहमति बनी है, उसकी सूची आगामी चर्चा व उचित फैसले के लिए पार्टी की तय प्रक्रिया के तहत पालिटिकट अफेयर्स कमेटी को भेजी गई है।
पीएसी की बैठक शनिवार को 11 बजे होगी और संभावना है कि 12-साढ़े बारह बजे तक पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकते हैं।
निर्विरोध नाम हो सकते हैं घोषित
भले ही सीएम ने कहा है कि 30-35 उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई है, लेकिन फिलहाल पार्टी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पहली सूची में कितनी सीटों के उम्मीदवार घोषित होंगे। माना जा रहा है कि पार्टी चरणबद्ध तरीके से उम्मीदवारों के नाम सामने ला सकती है।
जानकारी के मुताबिक पहली सूची में पार्टी के मौजूदा मंत्रियों के साथ-साथ पिछले कुछ समय के दौरान अन्य दलों से आम आदमी पार्टी में शामिल हुए व हलका इंचार्ज के तौर पर नियुक्त किए गए नेताओं के नाम शामिल हो सकते हैं।
उम्मीदवारों की पहली सूची पर टिकी निगाहें
शनिवार को पहली सूची जारी होती है तो आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली शुरुआती राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो जाएगी, शिरोमणि अकाली दल कुछ सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुका है।
सूची जारी होने के साथ ही पार्टी की चुनावी तैयारियों को भी गति मिलेगी। अब सभी की नजरें शनिवार को होने वाली बैठक और उसमें घोषित किए जाने वाले उम्मीदवारों के नामों पर टिकी हैं।




