आनंद पर्वत लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी पकड़ा

नई दिल्ली,केंद्रीय जिला पुलिस के थाना आनंद पर्वत की टीम ने लूट के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग सीसीएल को भी पकड़ा गया है। डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता का आईफोन, सिम कार्ड और वारदात में इस्तेमाल ब्लेड/कटर बरामद किया है। दिल्ली पुलिस की 9 सितंबर की प्रेस रिलीज में भी इस कार्रवाई को दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को थाना आनंद पर्वत में लूट की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता रेहड़ी पर सब्जियां बेचता है और सब्जी खरीदने के लिए मंडी की ओर जा रहा था। रास्ते में दो लड़कों और एक लड़की ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने ब्लेड दिखाकर उसे धमकाया और उसका लाल कवर वाला आईफोन लूट लिया।
मामले में थाना आनंद पर्वत में FIR संख्या 508/2026, धारा 309(4)/317(2)/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए एसआई गौरव, हेड कांस्टेबल सुरेश, हेड कांस्टेबल श्रवण और कांस्टेबल मनजीत की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए बीट स्टाफ को भी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 8 सितंबर को 17 वर्षीय सीसीएल को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके साथियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने रामजस ग्राउंड क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ अल्लूअप्पा (23), निवासी पंजाबी बस्ती, बलजीत नगर, आनंद पर्वत और अर्जुन उर्फ चिंकी (24), निवासी बलजीत नगर, आनंद पर्वत के रूप में हुई है। वहीं, एक नाबालिंग सीसीएल पटेल नगर का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शिकायतकर्ता का आईफोन लाल रंग के कवर और सिम कार्ड सहित बरामद किया। इसके अलावा लूट के दौरान इस्तेमाल किया गया ब्लेड/कटर भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन उर्फ चिंकी बीसी (Bad Character) है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ लूट, चोरी, चोरी की संपत्ति रखने और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। सुनील उर्फ अल्लूअप्पा के खिलाफ भी पहले का आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों और सीसीएल की वारदात में भूमिका जांच के दौरान स्थापित हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।





