
चंडीगढ़। फरीदाबाद में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में विश्व स्तरीय आइकानिक टावर बनाया जाएगा। पिंजौर की हवाई पट्टी का विस्तार किया जाएगा, जबकि यादवेंद्र उद्यान में 100 कमरों का फाइव स्टार होटल बनाया जाएगा। टिक्करताल में एडवेंचर पार्क विकसित किया जाएगा। नांगल चौधरी के लाजिस्टिक हब में 23 अगस्त से ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को राज्य प्रगति पोर्टल समीक्षा बैठक में फरीदाबाद में एक हजार एकड़ में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी में तीन माह के अंदर बिजली- पानी सहित मूलभूत आवश्यकताओं के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही ग्लोबल सिटी में 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इस ग्लोबल सिटी में शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थान, माल, थिएटर, लग्जरी होटल, सामुदायिक केंद्र, मेरिज पैलेस बनाने के अलावा नमो भारत मेट्रो ट्रेन भी चलाई जाएगी। विशेष वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा ग्रीन लेक भी बनाई जाएगी। इस सिटी को द्वारका एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नांगल चौधरी में एकीकृत बहु माडल लाजिस्टिक हब परियोजना विकसित की गई है। इसमें बिजली, सिंचाई, सड़कें, बाहरी रेल साइडिंग, आंतरिक रेल यार्ड बनाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। आंतरिक इन मोशन वे ब्रिज छह माह में बनकर तैयार हो जाएगा।
हिसार में बनाए जा रहे औद्योगिक विनिर्माण क्लस्टर में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कन्वेंशन सेंटर एवं एग्जीबिशन हाल, लाजिस्टिक पार्क तथा मल्टी स्पेशलिस्ट हास्पिटल, डिफेंस एयरो स्पेस, एग्रो फूड प्रोसेसिंग यूनिट, गारमेंट टैक्सटाइल उद्योग भी विकसित किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट के लिए वाटर सप्लाई, 220 केवी का बिजली घर बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट की प्रथम चरण में 1578 एकड़ भूमि की चहारदीवारी बनाने का कार्य भी जारी है।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, आयुक्त एवं सचिव उद्योग एवं वाणिज्य डॉ. अमित अग्रवाल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त एवं सचिव के मकरंद पांडुरंग ने भी कई अहम सुझाव दिए।
थापली के एडवेंचर पार्क को किया जाएगा विकसित
स्वदेश योजना के तहत पंचकूला के यादवेंद्र उद्यान का नवीनीकरण करने के अलावा इसमें उच्च स्तरीय एकीकृत वेडिंग, कन्वेंशन एवं हास्पिटेलिटी डेस्टीनेशन बनाए जाएंगे। थापली के एडवेंचर पार्क को भी विकसित किया जाएगा।





