झारखण्डराज्य

चतरा विधायक के बेटे को जबरन उठाने पर BJP हमलावर, झारखंड की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

रांचीः चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे को जबरन उठाए जाने पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नाराजगी जताई. राजधानी रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट से चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे को जबरन उठाने और उसके साथ मारपीट की घटना को लेकर राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल उठाया है.

उन्होंने कहा कि जब राजधानी के नाक के नीचे यह स्थिति है तो सुदूरवर्ती इलाकों का हाल सहज रूप से अंदाजा लगाया जा सकता है. आदित्य साहू ने कहा कि यह घटना झारखंड की ध्वस्त कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है जब एक विधायक के पुत्र को सरेआम उठा लिया जाए और उसके साथ मारपीट हो तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है.

पुलिस प्रशासन की भूमिका पर बीजेपी ने उठाए सवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधायक जनार्दन पासवान ने दूरभाष पर अपने बेटे के साथ हुई घटना के संबंध में जानकारी दी. मामले का पता चलते ही मैंने तुरंत रांची SSP को फोन किया लेकिन उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. यह तो शुक्र है कि युवक की धुर्वा से बरामदगी हो गई, भगवान ना करे कोई बड़ी घटना हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता.

कानून-व्यवस्था को सुधारने की मांग

आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही कहती रही है कि जब से इस राज्य में JMM के नेतृत्व में कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनी है, तब से राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है. पुलिस अपना मूल काम छोड़कर गैर जरूरी कार्यों में लगी हुई है, राज्य में कहीं कोई सुरक्षित नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोके. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए गंभीर कदम उठाने की मांग की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button