पंजाबराज्य

मोहाली में बोले सीएम भगवंत मान: ‘मुझ पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित करें या राजनीति छोड़ें विरोधी’

मोहाली। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्ष के नेताओं को चुनौती दी है कि वह किसी ठोस मुद्दे के अभाव में मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है। वे मुझ पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित करें या राजनीति छोड़ दें।

मुख्यमंत्री मंगलवार को मोहाली-62 स्थित विकास भवन में 801 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। अकाली दल और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने अपने निजी हितों की राजनीति के जरिए पंजाब को आर्थिक और सामाजिक बदहाली की ओर धकेला है।

उन्होंने आगे कहा, इन पार्टियों के नेता अब मुझे बदनाम करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं क्योंकि वे यह स्वीकार नहीं कर पा रहे कि एक आम व्यक्ति, बिना किसी राजनीतिक परिवार या विरासत में मिली ताकत के, पंजाब के आम लोगों के लिए काम कर रहा है।

 71,777 युवाओं को अब तक सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सरकार के कार्यकाल के दौरान सरकारी नौकरियां पाने वाले युवाओं की संख्या बढ़कर 71,777 हो गई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सभी भर्तियां बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के पूरी तरह मेरिट के आधार पर की गई हैं।

उन्होंने घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरियों का तोहफा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के कार्यकाल में सरकारी नौकरियों के लिए लाखों रुपये की रिश्वत और सिफारिश का सहारा लेना पड़ता था।

कई भर्ती प्रक्रियाएं अदालतों में उलझी रहती थीं और उम्मीदवारों की निर्धारित आयु सीमा निकल जाती थी। उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में एक साथ काम कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है और केरल को भी पीछे छोड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में सहायक पदों पर करीब 600 अतिरिक्त भर्ती अवसर भी तैयार किए गए हैं।

उन्होंने नहरों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अब नहर नेटवर्क के जरिये करीब 18 हजार क्यूसेक पानी खेतों तक पहुंच रहा है।

पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाना है

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार देने के साथ पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाना है। खेलों को बढ़ावा देकर युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button