देहरादून में अत्याधुनिक सायरन प्रणाली का शुभारंभ: आपदा प्रबंधन क्षमता को मिलेगी मजबूती

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थाना डालनवाला, देहरादून परिसर में 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरन का विधिवत लोकार्पण किया। यह पहल राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आपदाओं से निपटने में तकनीक की भूमिका
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा-संभावित राज्य है, जहां समय पर सतर्कता और सूचना का प्रसार अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक सायरन प्रणाली से आपदाओं के समय नागरिकों को समय रहते अलर्ट किया जा सकेगा, जिससे जान-माल की हानि को कम करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार तकनीक के माध्यम से पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को सशक्त बना रही है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती रहती हैं। इस साल भी राज्य ने कई भीषण आपदाओं का सामना किया है। सरकार इन आपदाओं से होने वाली क्षति को कम करने के लिए लगातार काम कर रही है और आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत कर रही है।
सायरन की उपयोगिता और जागरूकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि 8 किलोमीटर और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदाओं के समय अलर्ट करेंगे, बल्कि नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी होंगे। यदि समय रहते लोगों को चेतावनी मिल जाए, तो राहत और बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं। ये सायरन भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और आपदा संभावित इलाकों में लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और आम जनता को इसके बारे में जागरूक किया जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन और उत्तराखंड पुलिस के संयुक्त प्रयासों की सराहना की और डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन और उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक भी सौंपे गए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्री सुबोध उनियाल, विधायक श्री खजान दास, पुलिस महानिदेशक, आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
read also-





