कानपुर में 11 अक्टूबर से सजेगा दीपावली बाजार- ऑनलाइन से भी सस्ता मिलेगा हर सामान

दैनिक बालजी एम एम मालवीय
कानपुर। हर वर्ष की भांति इस बार भी कानपुर वासियों के लिए दीपावली बाजार का भव्य आयोजन मोतीझील लान नंबर-2 पर 11 अक्टूबर से किया जा रहा है। यह बाजार पांच दिनों तक चलेगा — 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक।
इस बार का दीपावली बाजार खास इसलिए है क्योंकि आयोजकों का दावा है कि यहां मिलने वाला सामान ऑनलाइन से भी सस्ता होगा — फिर चाहे बात घर सजाने की हो या दीपावली के उत्सव से जुड़े सामान की।
एक प्रेसवार्ता के दौरान आयोजकों ने बताया कि दीपावली बाजार का शुभारंभ कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय करेंगी।
इस बाजार का आयोजन शाइन इवेंट्स एंड एक्जीबिट और न्यू कानपुर यूथ क्लब द्वारा किया जा रहा है। यह बाजार न केवल खरीदारी के लिए, बल्कि उत्सव और आनंद के लिए भी शहरवासियों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
आयोजक आमिर सिद्दीकी ने बताया कि यह 20वीं दीपावली बाजार है और यह आयोजन पिछले दो दशकों से देश के विभिन्न हिस्सों के उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
इस बार के मुख्य आकर्षण में टेराकोटा के मिट्टी के उत्पाद, हस्तशिल्प, भदोही की कालीनें, दीपावली सजावट सामग्री, जयपुर का मुखवास, कश्मीर के सूखे मेवे सहित देशभर की प्रसिद्ध वस्तुएं शामिल होंगी!





