यूपी में हथकरघा को मिलेगा नया मुकाम, 150 क्लस्टर पर खर्च होंगे 2.5 करोड़ रुपये

लखनऊ। कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में हथकरघा कारीगरों के उत्थान के लिए हथकरघा क्लस्टर की स्थापना के लिए 2.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना के तहत सरकार ने पांच वर्षों में 150 हैंडलूम क्लस्टर विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इस योजना से 50 हजार से ज्यादा बुनकरों का लाभ होगा। योजना के अनुसार न्यूनतम 25 या उससे अधिक बुनकरों के समूह को फर्म के रूप में पंजीकृत कराया जाएगा।
बुनकरों को प्रशिक्षण देने के साथ हथकरघा उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार की तरफ से बुनकरों को संबंधित उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे
हरदोई में बनेगा वस्त्र पार्क
हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने बताया कि कैबिनेट की बैठक में पीएम मित्र मेगा वस्त्र पार्क में सुविधाओं के लिए 1950 करोड़ रुपये खर्च करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि हरदोई में एक हजार एकड़ में स्थापित किए जा रहे वस्त्र पार्क के लिए मास्टर डेवलपर कंपनी का चयन किया जा रहा है।
इससे पहले सड़क, बिजली, बुनियादी ढांचा, पेयजल, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट, ब्वायलर, श्रमिक हॉस्टल, वेयर हाउस व कौशल विकास केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पार्क में निवेश के लिए 50 से अधिक प्रस्ताव मिल चुके हैं।





