राज्यहरियाणा

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खेल सुविधाओं में सुधार और बजट बढ़ाने पर मुख्यमंत्री को दिया प्रस्ताव

चंडीगढ़। राष्ट्रमंडल और ओलिंपिक खेलों की तैयारियों में जुटे हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए ढांचागत सुविधाएं बढ़ाने की योजना के तहत इस बार खेल विभाग के बजट में भारी-भरकम बढ़ोतरी की जा सकती है। पिछले साल राज्य सरकार के बजट में खेल विभाग के लिए 589 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया था।

इस बार यह राशि दोगुनी होने की संभावना है। करीब 800 करोड़ रुपये अकेले खेलों के ढांचागत सुधार पर खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। इन खेल सुविधाओं से आने वाले करीब 20 साल के लिए ढांचागत सुविधाओं की जरूरत नहीं रहेगी।

हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर खेल विभाग के बजट में बढ़ोतरी का अनुरोध किया है। इस संबंध में खेल विभाग की ओर से सरकार को प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। केंद्र सरकार के बजट में इस बार खेल विभाग के बजट में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

बजट में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का आग्रह

हरियाणा के खेल विभाग ने राज्य सरकार ने अपने बजट में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का आग्रह किया है। इसके पीछे ठोस दलील दी गई है। राष्ट्रमंडल और ओलिंपिक खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक मेडल लाते हैं। इसलिए यहां खेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग पूरी तरह से वाजिब है।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग को करीब 114 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। लोक निर्माण विभाग को यह बजट ढांचागत सुधारों पर खर्च करना है, ताकि राज्य के खेल के मैदानों में पोल गिरने जैसी कोई घटना न हो सके और खेल के मैदानों से बढ़िया खिलाड़ी निकल सकें।

31 मार्च तक राज्य में खेल ढांचा मजबूत करने की योजना है। इसके अलावा, राज्य के 42 खेल स्टेडियम ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जहां सुधार, निर्माण और मरम्मत की जरूरत है। खेल नर्सरियों को भी गांव-गांव तक खोलने की दिशा में काम करने के निर्देश गौरव गौतम ने दिए हैं।

हरियाणा के खेल स्टेडियमों में जूनियर व सीनियर कोच भी बढ़ाए जाने हैं। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया जारी है। पंचकूला, पलवल और फरीदाबाद में क्रिकेट के बड़े स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं, ताकि वहां नेशनल स्तर के मैच हो सकें।

पलवल के खेल स्टेडियम के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। पंचकूला के खेल स्डेयिम के विस्तारीकरण का काम जल्दी ही तेज कर दिया जाएगा। छह माह की डाइट मनी भी जल्दी ही खिलाड़ियों को प्रदान कर दी जाएगी। इसके लिए 33 करोड़ रुपये की राशि का प्रविधान किया जा चुका है।

हमारे खिलाड़ी पदकों की झड़ी लगा देंगे

हरियाणा सरकार खेलों की ढांचागत सुविधाएं बढ़ाने को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। मुख्यमंत्री से खेलों का बजट बढ़ाने का अनुरोध किया है। केंद्रीय बजट में खेल विभाग के बजट में एक तिहाई बढ़ोतरी हुई है।

हरियाणा के बजट में भी यह बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। खेल नर्सरियां गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विभाग तैयारी कर रहा है। नये कोच भर्ती करने की प्रक्रिया जारी है। अब हमने निर्णय लिया है कि खिलाड़ियों को हर छह माह के अंतराल पर एक साथ डाइन मनी प्रदान की जाएगी।

छह माह की डाइट मनी जल्दी ही खिलाड़ियों के खातों में प्रेषित की जाने वाली है। हम खिलाड़ियों को ऐसी ढांचागत सुविधाए देंगे, ताकि हमारे खिलाड़ी कामनवेल्थ और ओलिंपिक खेलों में पदकों की झड़ी लगा दें।

– गौरव गौतम, खेल राज्य मंत्री, हरियाणा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button