बटाला में अस्पताल पर फायरिंग, नर्स घायल

बटाला (पंजाब): बटाला शहर में गोलीबारी की घटनाओं के बीच मंगलवार शाम गौंसपुरा रोड स्थित छीना अस्पताल को निशाना बनाया गया। मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
अस्पताल के संचालक डॉ. गुरमीत सिंह छीना के अनुसार, घटना के समय वे अस्पताल में मौजूद नहीं थे। हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग से अस्पताल का कांच का गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गेट का टूटा हुआ कांच वहां मौजूद एक नर्स की आंख में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी सिटी सुखइन्द्र सिंह, एसएचओ सिविल लाइन गुरमीत सिंह, सीआईए स्टाफ तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अस्पताल के सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।





