Uncategorizedचंडीगढ़देशराज्यहरियाणा

12 वर्षों में विकास का नया अध्याय, भारत बना वैश्विक शक्ति : मनोहर लाल खट्टर

नई दिल्ली। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भारत आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है तथा दुनिया की सबसे तेज़ी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने ऊर्जा, आवास, स्वच्छता, शहरी विकास और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013-14 में देश में बिजली की कमी 4.2 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2025-26 में घटकर मात्र 0.33 प्रतिशत रह गई है। इसी अवधि में करोड़ों परिवारों को नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों लोगों को आवास सुविधा मिली।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज ही के दिन तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर विकास की इस यात्रा को नई गति प्रदान की थी। उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत जैसे अभियानों ने देश के आत्मविश्वास को नई दिशा दी है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद देश की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया। सौर और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से लाखों घरों तक रूफटॉप सोलर सुविधा पहुंचाई जा रही है, जिससे बिजली बिलों में कमी और पर्यावरण संरक्षण दोनों सुनिश्चित हो रहे हैं।

शहरी विकास के क्षेत्र में भी स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बड़े पैमाने पर कार्य किए गए हैं। शहरों में आधुनिक यातायात व्यवस्था, स्मार्ट सड़कें, एलईडी स्ट्रीट लाइट, कचरा प्रबंधन और ई-गवर्नेंस सेवाओं को मजबूती मिली है। साथ ही मेट्रो परियोजनाओं के विस्तार से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी नई गति मिली है।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहा है। विकसित भारत का संकल्प केवल एक सपना नहीं, बल्कि तेजी से साकार होती राष्ट्रीय यात्रा है। मनोहर लाल खट्टर ने प्रधानमंत्री के जनसेवा के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनके नेतृत्व में देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button