दिल्ली एयरपोर्ट के लिए पंजाब सरकार की लग्जरी बस सेवा का विस्तार

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों, एनआरआई समुदाय और आम यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अपनी लग्जरी बस सेवा का विस्तार किया है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को पंजाब रोडवेज (पनबस) की पांच नई सुपर इंटीग्रल वोल्वो कोच बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सेवा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों, एनआरआई समुदाय और नियमित यात्रियों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी तथा इस रूट पर सक्रिय परिवहन माफिया की पकड़ भी समाप्त होगी।
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जालंधर और लुधियाना से दिल्ली एयरपोर्ट तक चलने वाली ये प्रीमियम बसें प्रतिदिन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी। इससे यात्रियों को समय पर, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।
हरपाल सिंह चीमा ने जानकारी दी कि पनबस बेड़े में कुल 15 नई सुपर इंटीग्रल कोच बसें शामिल की जा रही हैं। इनमें से पहली खेप के रूप में पांच नई वोल्वो बसों को आज सेवा में शामिल किया गया है, जबकि शेष बसें भी जल्द ही शुरू की जाएंगी।
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि नई बसें प्रतिदिन जालंधर बस अड्डे से सुबह 6:50, 7:40, 9:10, दोपहर 2:27 और रात 11:30 बजे रवाना होंगी। वहीं लुधियाना बस अड्डे से सुबह 8:20, 9:15, 11:20, शाम 4:20 और रात 12:20 बजे प्रस्थान करेंगी। दिल्ली एयरपोर्ट से पंजाब के लिए वापसी सेवाएं सुबह 4:40, 9:00, शाम 5:20, 7:30 और रात 9:40 बजे उपलब्ध रहेंगी।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के व्यापक आधुनिकीकरण पर भी काम कर रही है। इसके तहत पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के बेड़े में कुल 696 नई बसें शामिल की जा रही हैं। इनमें साधारण, वातानुकूलित तथा किलोमीटर योजना के तहत संचालित नई बसें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन नई बसों के शामिल होने से पंजाब में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू, राज्य परिवहन विभाग के निदेशक एवं पनबस के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
read also :





