यमुनापार के मयूर विहार वार्ड के पार्षद देवेंद्र कुमार समेत 16 पार्षद भाजपा में शामिल, MCD में बदले सियासी समीकरण

भोज कुमार बालजी न्यूज़ दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। आम आदमी पार्टी से अलग होकर बने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय हो गया। इस दौरान यमुनापार के मयूर विहार वार्ड से निगम पार्षद देवेंद्र कुमार समेत पार्टी के सभी 16 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सभी पार्षदों का पार्टी में स्वागत किया। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही निगम में पार्टी का संख्याबल और मजबूत हो गया है।
यमुनापार की राजनीति के लिहाज से भी यह घटनाक्रम बेहद अहम माना जा रहा है। मयूर विहार वार्ड के पार्षद *देवेंद्र कुमार* के भाजपा में आने से पूर्वी दिल्ली और यमुनापार में भाजपा की पकड़ और मजबूत होने की चर्चा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 16 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने का असर *एमसीडी की जोनल समितियों और स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी)* के चुनावों में देखने को मिलेगा। इसके अलावा *2027 के नगर निगम चुनाव* से पहले भाजपा को संगठनात्मक और राजनीतिक मजबूती मिलने की संभावना भी बढ़ गई है।
एमसीडी के बदलते सियासी समीकरणों के बीच इस विलय को भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है, जबकि आने वाले समय में इसका असर निगम की सत्ता और निर्णय प्रक्रिया पर भी देखने को मिल सकता है।





