उत्तराखण्डराज्य

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रदेशभर में होगा एकता मार्च का भव्य आयोजन

देहरादून। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में एकता मार्च का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री एवं खेल मंत्री रेखा आर्या ने इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर को होने वाले एकता मार्च के लिए मेरा भारत पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। इस रजिस्ट्रेशन के लिए किसी भी आयु या संख्या की सीमा निर्धारित नहीं की गई है। यह प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और प्रदेश के सभी नागरिक इसमें भाग ले सकते हैं।

रेखा आर्या ने बताया कि आयोजनों को तीन चरणों में संपन्न कराया जाएगा।
पहले चरण के बाद, दूसरा चरण 31 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी 13 जिलों में एकता मार्च निकाले जाएंगे। यह मार्च लगभग 8 से 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा के रूप में आयोजित होगा।

इसके बाद तीसरे चरण में चयनित प्रतिभागियों को 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलने वाली राष्ट्रीय एकता यात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस चरण में प्रतिभागी गुजरात के नडियाड से लेकर नर्मदा जिले स्थित स्टैचू ऑफ यूनिटी तक लगभग 152 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।

मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक आयोजन में हिस्सा लें और देश की एकता, अखंडता व राष्ट्रीय गौरव को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान तथा मेरा युवा भारत की उपनिदेशक मोनिका नामदार भी उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button