Uncategorizedचंडीगढ़राज्यहरियाणा

3,586 ग्रुप-D कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र, पारदर्शी भर्ती पर जोर

पंचकूला। हरियाणा सरकार ने मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान 3,586 नव-नियुक्त ग्रुप-डी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में नए कर्मचारियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल सरकारी नौकरी मिलने का अवसर नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प लेने का महत्वपूर्ण दिन है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में अब सरकारी नौकरियां पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था के तहत “बिना खर्च, बिना पर्ची और बिना सिफारिश” केवल योग्यता, मेरिट और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालते ही स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी युवा का भविष्य किसी नेता की सिफारिश या पर्ची से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत, प्रतिभा और योग्यता से तय होगा।

नायब सिंह सैनी ने नव-नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें यह नौकरी पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था के माध्यम से मिली है, इसलिए अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे भी शासन व्यवस्था को ईमानदार और जवाबदेह बनाए रखें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले डेढ़ वर्ष में 42,500 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। वहीं पिछले साढ़े 11 वर्षों के दौरान पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 1 लाख 83 हजार से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी नीति के चलते प्रदेश में सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है तथा योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

read also :

एयर इंडिया की ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा शुरू, अमृतसर से 27 देशों तक आसान सफर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button