
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने डी-ग्रुप कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को गति देने के साथ ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से कार्यरत अनुबंध कर्मचारियों को दो माह की राहत दी है।
सरकार ने विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में तैनात हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों का अनुबंध 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान अनुबंध अवधि 31 अगस्त को समाप्त हो रही थी। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
इसी बीच, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने चंडीगढ़ में पर्यटन विभाग के डी-ग्रुप के करीब 380 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। विभाग में कुल 397 पदों पर भर्ती निकाली गई थी।
इनमें सेवादार, किचन हेल्पर और माली के पद शामिल हैं। महिला कर्मचारियों को यथासंभव घर के आसपास तथा अन्य कर्मचारियों को भी उनके निवास के नजदीक तैनाती देने का प्रयास किया गया है। मंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शी और मेरिट आधारित प्रक्रिया के तहत युवाओं को रोजगार दे रही है।
दूसरी ओर, कामन कैडर ग्रुप-डी पदों के आवंटन और नियुक्ति में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए सरकार ने सभी विभागाध्यक्षों को वास्तविक और नवीनतम रिक्तियों का सत्यापन कर एचकेसीएल रिक्विजिशन पोर्टल पर 11 सितंबर तक अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय रिकॉर्ड और एचआरएमएस से मिलान के बाद केवल वास्तव में खाली पद ही पोर्टल पर दर्शाए जाएंगे।
सरकार ने कहा है कि अनुकंपा नियुक्तियों तथा हाल में नियुक्त और कार्यभार ग्रहण कर चुके कर्मचारियों की स्थिति को भी रिक्तियों के सत्यापन में शामिल किया जाए। विभागाध्यक्षों को ऑनलाइन जानकारी अपडेट करने के बाद प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा, जिसमें रिक्तियों के सही और पूर्ण होने की पुष्टि की जाएगी। इससे ग्रुप-डी कर्मचारियों के आवंटन और नियुक्ति की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।





