राज्यहरियाणा

बंगाल-असम जीत पर हरियाणा में जश्न, सैनी बोले- बंगाल आजाद हुआ

चंडीगढ़। पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिले प्रचंड बहुमत का जश्न हरियाणा के भाजपाइयों ने जमकर मनाया। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित हरियाणा के भाजपाइयाें को उम्मीद है कि प्रदेश में दस मई को होने वाले सात निकायों के चुनावों में भी इस लहर का पूरा फायदा मिलेगा।

ट्रिपल इंजन की सरकार के लक्ष्य के साथ धुआंधार प्रचार में जुटे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही तमाम मंत्रियों, सांसद-विधायकों और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली सहित संगठन पदाधिकारियों ने पूरी ताकत झोक दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ममता बनर्जी ने बंगाल के लोगों का शोषण किया।

आज बंगाल आजाद हो गया है। प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण बंगाल बच गया है। बंगाल के बाद पंजाब की बारी है। हालांकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पलटवार करते हुए कहा कि यह शेख चिल्ली के सपने जैसा है। पंजाब के लोग इतने भोले नहीं हैं कि भाजपा के झांसे में आ जाएं। वे बहुत समझदार हैं।

तीन राज्यों में जीत से उत्साहित नायब सैनी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों की सराहना करता हूं। उन्होंने देश के गरीब व्यक्तियों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम किया। महिलाओं को सशक्त किया, युवाओं को रोजगार दिया और किसानों को मजबूत किया।

कांग्रेस 55 साल तक देश पर शासन करती रही और देश को नीचे धकेलती रही, जबकि मोदी जी ने दुनिया में देश को चमकाया। वहीं, जीत के जश्न में विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गाकर अपनी खुशी व्यक्त की। एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी।

अराजक शासन का अंत 

पश्चिम बंगाल में जनता-जनार्दन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास नीति और भाजपा कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम की बदौलत कमल खिलाकर तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के कुशासन, अराजक शासन का अंत कर दिया है। असम और पुडुचेरी में भी भाजपा को स्पष्ट बहुमत पार्टी की नीतियों पर मतदाताओं की मुहर है।

-डा. अरविंद शर्मा, निर्वाचन मंत्री

जनता का आशीर्वाद

यह जीत पूरी तरह से जनता को समर्पित है। जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा और एनडीए को समर्थन दिया है, पार्टी उस पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता ने तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और बदले की राजनीति को नकारते हुए विकास और पारदर्शिता के मार्ग को चुना है। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

– डॉ. सतीश पूनिया, हरियाणा भाजपा के प्रभारी

जनविश्वास की जीत

यह ऐतिहासिक और जनविश्वास की जीत है। यह विजय देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है।

– विपुल गोयल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री।

हरियाणा में भी शून्य पर आउट होगी कांग्रेस

जनता अब भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कुशासन की राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है। बंगाल में जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है। लगातार देश में कांग्रेस का सफाया हो रहा है। हरियाणा के निकाय चुनाव में भी कांग्रेस जीरो पर आउट होगी। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत विकास, सुशासन और राष्ट्रहित में ऐतिहासिक जीत है।

– मोहन लाल बडौली, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष।

विचारधारा की जीत

यह जीत भारतीय जनसंघ/भाजपा की उस विचारधारा की जीत है, जिसकी नींव 21 अक्टूबर 1951 को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रखी थी। यह विजय उनका सपना साकार करेगी। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल नेतृत्व, जनहितकारी नीतियों एवं अथक परिश्रम का परिणाम है।

– ज्ञानचंद गुप्ता, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष

पंजाब में भी बनाएंगे सरकार : विज

भाजपा पंजाब में भी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बंगाल की तरह पार्टी पंजाब में भी विकास, सुरक्षा, अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे प्रमुख मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है, जो इस बात का संकेत देती है कि वहां की जनता ने अन्य राजनीतिक दलों को नकार दिया है। निकाय चुनाव में भी भाजपा जीतेगी।

– अनिल विज, ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री।

वाजपेयी का कथन सच हो रहा 

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का कथन अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा सच हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है।

-प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व शिक्षा मंत्री।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button