राज्यहरियाणा

हरियाणा में बदलेंगे सरकारी स्कूलों के हालात, 150 स्कूलों के भवन बनेंगे अंतरराष्ट्रीय मानकों पर

हरियाणा में 150 राजकीय विद्यालयों के नए भवन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए जाएंगे। इनके डिजाइन और निर्माण में देश के अग्रणी राज्यों तथा प्रतिष्ठित संस्थानों के श्रेष्ठ मॉडल और विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार देर शाम चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में स्कूल शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।

बैठक में 719 उत्कृष्ट विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इनमें संस्कृति मॉडल स्कूल, मुख्यमंत्री अर्ली इंग्लिश एंड एक्सीलेंस स्कूल तथा पीएम श्री विद्यालय शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विद्यालयों को राज्य के अन्य सरकारी स्कूलों के लिए आदर्श बनाया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी उत्कृष्ट विद्यालयों में नए भवन, अतिरिक्त कक्षाएं, पृथक शौचालय, मजबूत चारदीवारी, खेल मैदान, विज्ञान व कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, डिजिटल लैब, स्मार्ट कक्षाएं, पुस्तकालय, नया फर्नीचर, टैबलेट तथा अन्य आधुनिक शिक्षण संसाधन प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएं। इन विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में डिजिटल और स्मार्ट कक्षाओं के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षण, व्यावसायिक शिक्षा, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं और डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने और सभी सरकारी स्कूलों में स्वच्छता, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button