राज्यहरियाणा

दिग्विजय चौटाला की मांग: भर्ती, रोजगार और HKRN पर सरकार जारी करे श्वेत पत्र

जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार से भर्ती, रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को युवाओं और कर्मचारियों से किए गए वादों की स्थिति प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट करनी चाहिए।

दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की भर्तियों में हरियाणा के युवाओं के अधिकारों और आरक्षण व्यवस्था की अनदेखी करते हुए बाहरी अभ्यर्थियों को रोजगार दिया गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस संबंध में सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाएं और पूरी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए।

उन्होंने कहा कि सीईटी (CET) परीक्षा हुए एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि कितने अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए और कितनी भर्तियां पूरी की गईं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।

दिग्विजय ने सरकार को उस घोषणा की भी याद दिलाई, जिसमें सीईटी पास युवाओं को एक वर्ष तक नौकरी नहीं मिलने पर 9,000 रुपये की सहायता देने का वादा किया गया था। उन्होंने पूछा कि इस योजना के तहत अब तक कितने युवाओं को लाभ मिला है।

उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के करीब 1.20 लाख कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि दो वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने का वादा पूरा नहीं कर सकी है।

दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री को एचपीएससी भर्तियों, सीईटी परिणाम, रोजगार की वास्तविक स्थिति, 9,000 रुपये सहायता योजना और एचकेआरएन कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा से जुड़े सभी तथ्यों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा अपने भविष्य को लेकर जवाब चाहता है और सरकार को पारदर्शिता व जवाबदेही दिखानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button