राज्यहरियाणा

आंधी-तूफान से बिगड़ी बिजली व्यवस्था, हरियाणा में 13,000 से ज्यादा खंभे क्षतिग्रस्त

चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने प्रदेश में हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को युद्धस्तर पर बहाल किया जाए तथा प्रभावित उपभोक्ताओं को न्यूनतम समय में राहत पहुंचाई जाए।

विज ने बताया कि तेज आंधी और तूफान के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 13,277 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त अथवा उखड़ गए, जिनकी मुरम्मत जारी है। इनमें उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यू.एच.बी.वी.एन.) के 2791 तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डी. एच.बी.वी.एन.) के 10,486 खंभे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए विभाग द्वारा 1552 कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

इनमें यू.एच.बी.वी.एन. के 620 तथा डी.एच.बी.वी.एन. के 932 कर्मचारी एवं तकनीकी दल शामिल हैं, जो दिन-रात फील्ड में रहकर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य बिजली ढांचे की मुरम्मत का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान की वजह से प्रदेश में 233 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है इसमें यू.एच.बी.वी.एन. के तहत 32 गांव है जबकि डी.एच.बी. वी. एन. के 201 गांव है। इसी प्रकार, प्रदेश में 842 फीडर प्रभावित हुए है जिनमें यू.एच.बी.वी.एन. के 458 और डी.एच.बी.वी.एन. 384 फीडर शामिल है।

निर्बाध बिजली सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

विज ने कहा कि राज्य सरकार और ऊर्जा विभाग आमजन को बेहतर एवं निर्वाध बिजली सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुरम्मत कार्यों की लगातार निगरानी की जाए तथा जहां भी आवश्यक हो, अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि बिजली आपूर्ति बहाली में किसी प्रकार की देरी न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button