
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘खेलेंगे हरियाणा, जीतेंगे हरियाणा’ का संकल्प दोहराते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने फिर देश का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रमंडल खेलों में देश को कुल 13 स्वर्ण पदक मिले हैं, जिनमें से सात हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं।
मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुुए कहा कि बॉक्सिंग और जैवलिन में उनका शानदार प्रदर्शन रहा है। रेवाड़ी की पैरा एथलेटिक्स शर्मीला ने गोल्ड मेडल, भिवानी की बॉक्सर प्रीति पंवार, जैसमीन लम्बोरिया, साक्षी चौधरी, सचिन सिवाच, प्रिया घनघस व हिसार के बाक्सर अंकुश ने गोल्ड मेडल हासिल किया है।
हरियाणा को मिले सात गोल्ड, दो रजत, एक कांस्य पदक
इसी प्रकार पानीपत के जेवलीन थ्रो नीरज चोपड़ा व हांसी के बॉक्सर नरेन्द्र बेरवाल ने सिल्वर मेडल जीता है। भिवानी की एथलेटिक्स सीमा डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक विजेता बनी है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने सात गोल्ड, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है।
हरियाणा को खेलों का पावर हाउस कहा जाता है और प्रदेश के खिलाड़ी हर बार इस गौरव को साबित करते हैं। इंडोर स्टेडियम, सिंथेटिक ट्रैक और विश्वस्तरीय एकेडमियां बनाई जा रही हैं। गांव स्तर पर खेल नर्सरी और नए खेल मैदानों का निर्माण जारी है।
इसके अलावा व्यायामशालाएं भी खोली गई हैं। बेटियों के लिए विशेष खेल छात्रवृत्ति और फ्री कोचिंग की सुविधाएं सुलभ करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, बेहतर कोचिंग और आर्थिक सहायता देकर खेलों को नई ऊंचाई तक ले जा रहे हैं।





