झारखण्डराज्य

झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

रांची: झारखंड सरकार के मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का गिरिडीह में देर रात निधन हो गया. उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने सोनू मंत्री को याद करते हुए लिखा ‘आप हमेशा याद आएंगे भैया’ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देर रात अपने बड़े भाई और प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की दुखद खबर मिली. इस खबर को स्वीकार कर पाना बेहद कठिन है. उन्होंने कहा कि सोनू भैया का जाना उनके जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं.

सिर्फ राजनीतिक सहकर्मी नहीं, बड़े भाई की तरह थे- सीएम

सीएम हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में सुदिव्य कुमार सोनू के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को याद किया. उन्होंने कहा कि सोनू भैया उनके लिए सिर्फ वरिष्ठ साथी या राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे, बल्कि बड़े भाई की तरह थे. वे स्नेह देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले और हर कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे,. उनके साथ बिताए पल और उनसे मिली सीख हमेशा साथ रहेंगी.

झारखंड आंदोलन से JMM तक निभाई मजबूत भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौर से ही सुदिव्य कुमार सोनू स्मृति-शेष बाबा दिशोम गुरुजी के साथ पूरी निष्ठा और मजबूती से खड़े रहे. झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित सिपाही के तौर पर उन्होंने अपना जीवन झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई को समर्पित किया. हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंडियत के प्रति सुदिव्य कुमार सोनू का समर्पण और उनकी जुझारू भावना हमेशा याद की जाएगी.

आज सिर्फ स्मृतियों में- सीएम

अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने जीवन की क्षणभंगुरता का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कल तक जो आवाज उनके बीच थी, आज वह सिर्फ स्मृतियों में रह गई है. उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू भैया का स्नेह, उनका संघर्ष और झारखंड के लिए उनकी प्रतिबद्धता जीवनभर उनके साथ रहेगी. भावुक संदेश के अंत में सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा ‘सोनू भैया, आपका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. आपकी कमी हमेशा महसूस होगी. आप हमेशा याद आएंगे भैया’.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button