उत्तर प्रदेशबरेली

निर्दोष को फंसाने का आरोप, मजदूर की पत्नी पहुंची एसएसपी दफ्तर, लगाई न्याय की गुहार

बरेली। बवाल के मामले में कई निर्दोष लोगों को फंसाने के आरोप लगने लगे हैं। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के फरीदाबाद चौधरी निवासी फरजाना ने शनिवार को अपने पति को झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाकर एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। फरजाना ने एसएसपी कार्यालय में सुनवाई कर रहे अधिकारियों को पत्र देकर बताया कि पुलिस उनके घर पहुंची और कहा कि जांच में उनके पति शफी अहमद का नाम 26 सितंबर को हुए बवाल में सामने आया है।
फरजाना ने बताया कि उनके पति दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका आईएमसी पार्टी या मौलाना तौकीर रजा की किसी बैठक या बवाल से कोई मतलब नहीं है। पीड़िताने कहा कि कुछ लोगों से पुरानी रंजिश के चलते उनके पति का नाम गलत तरीके से केस में शामिल कराया गया है।
फरजाना ने एसएसपी से मांग की है कि किसी वरिष्ठ अधिकारी के जरिए उनके पति के मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई उजागर हो सके। फरजाना ने कहा कि उनका परिवार पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। ऐसे में बेगुनाह पति को झूठे मुकदमे में फंसाया गया तो परिवार तबाह हो जाएगा। उन्होंने पुलिस अफसरों से निष्पक्ष जांच कर उनके पति को राहत देने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button