Uncategorized

नहर में भांजियों को बचाने कूदा मामा, तीनों की डूबने से मौत

बहादुरगढ़ (हरियाणा): बहादुरगढ़ के रोहद और मांडौठी गांव के बीच से गुजर रही एनसीआर नहर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मामा सुनील और उसकी दो भांजियों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मामा अपनी भांजियों को नहर में डूबने से बचाने के लिए पानी में कूद गया।

जानकारी के अनुसार, रोहद गांव का रहने वाला मामा सुनील अपनी भांजियों रागिनी और उर्मी के साथ शुक्रवार शाम को एनसीआर नहर पर कपड़े धोने गया था। कपड़े धोते समय अचानक दोनों भांजियों का पैर फिसल गया और वे नहर के गहरे पानी में गिर गईं। अपनी भांजियों को डूबता देख मामा सुनील ने बिना देरी किए उन्हें बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों की डूबने से मौत हो गई।

शवों की तलाश अभी भी जारी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने देर रात तक तीनों के शवों की तलाश की। शनिवार सुबह गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही दूरी पर से मामा सुनील का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, और ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं। गोताखोर हेड कांस्टेबल नरेंद्र ने बताया कि बच्चियों के शवों की तलाश अभी भी जारी है।

ग्रामीण कृष्ण ने बताया कि यह दुखद हादसा नहर किनारे कपड़े धोते समय पैर फिसलने के कारण हुआ। मृतक मामा सुनील रोहद की प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था और शुक्रवार को उसकी छुट्टी थी, जिसके चलते वह अपनी भांजियों के साथ नहर पर आया था। नहर किनारे तीनों की चप्पलें और कपड़े भी पड़े मिले हैं, जो घटना की भयावहता को दर्शाते हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button