राज्यहरियाणा

नायब सिंह सैनी ने ‘पंजाब बचाओ रैली’ में कहा: पंजाब भारत की आत्मा और 2047 तक विकास में निर्णायक

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ रैली’ में कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में पंजाब की निर्णायक भूमिका होगी।

गुरुओं की धरती पर हरियाणा में किए काम गिनाते हुए नायब ने कहा कि हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की सहायता के लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को पूरा मुआवजा दिया जा रहा है। कांग्रेस के कार्यकाल में जहां 1139 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए गए, वहीं भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 15 हजार 500 करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए। आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

पेंशन को लेकर साधा निशाना

हरियाणा मे वृद्धावस्था सम्मान भत्ता के रूप में 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब मे आम आदमी पार्टी की सरकार ने पेंशन 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करने की बात कही, जोकि आज तक पूरी नहीं की गई।

आत्ममंथन की आवश्यकता है क्या पंजाब का नौजवान सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरे भविष्य की ओर बढ़ रहा है या नशे और निराशा के अंधकार में धकेला जा रहा है। क्या किसान संतोष की सांस ले पा रहा है या कर्ज और अनिश्चित नीतियों के बोझ तले दबा है। क्या व्यापारी निडर होकर व्यापार कर रहा है या फिरौती और असुरक्षा के साये में जी रहा है।

 भाजपा सरकार बनने पर पंजाब में अपराधों पर प्रभावी अंकुश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के लिए भाजपा को अवसर दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में पंजाब की निर्णायक भूमिका होगी। भाजपा सरकार बनने पर पंजाब में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने पंजाब को कमजोर किया। नशे की समस्या गांव-गांव तक पहुंची, पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रही। किसानों से कर्ज माफी और युवाओं को रोजगार के वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखे।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद भी लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं। चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नशा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ, न ही युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर मिले। मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की कि पिछले वर्षों में कितने युवाओं को स्थायी रोजगार दिया गया और नशा तस्करी पर क्या ठोस कार्रवाई की गई।

सैनी समाज ट्रस्ट की वेबसाइट का किया शुभारंभ

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सैनी समाज ट्रस्ट द्वारा आयोजित मिलन समारोह में वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस वेबसाइट के माध्यम से समाज की गतिविधियों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button