स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता – पंकज शास्त्री
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य की कामना के साथ हुआ फल वितरण कार्यक्रम


बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या। महर्षि महेश वेद विज्ञान विश्व विद्यापीठ, अयोध्या परिसर में आज एक सराहनीय पहल के तहत एम्प्लाई नॉन-एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम उत्तर प्रदेश की ओर से विद्यार्थियों को फल वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश कोर टीम सदस्य एवं अंबेडकरनगर जिले के संरक्षक पंकज शास्त्री जी मौजूद रहे। पंकज शास्त्री ने विद्यार्थियों को फल वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है, अतः छात्रों को नियमित खानपान और आत्म अनुशासन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र राष्ट्र की नींव होते हैं और उनका संपूर्ण विकास ही सशक्त भारत की आधारशिला है। कार्यक्रम में एम्प्लाई नॉन-एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम के संस्थापक नवनीत जी, आशीष तिवारी और राजकुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। साथ ही विद्यापीठ के समस्त आचार्यगण, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं इस आयोजन में शामिल हुए और आयोजन को सफल बनाया। संस्थान के संचालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। यह कार्यक्रम न केवल छात्रों को पोषण देने की एक पहल थी, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और सामूहिक सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में भी एक सशक्त प्रयास सिद्ध हुआ।





