
कोंडागांव: छत्तीसगढ़ में चल रहे वन महोत्सव के तहत कोंडागांव जिले के केशकाल वन मंडल अंतर्गत बीरापारा में वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. महोत्सव में वन मंत्री केदार कश्यप, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, डीएफओ दिव्या गौतम समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देते हुए 15 से ज्यादा प्रजाति के 6 हजार से ज्यादा पौधों का रोपण किया गया.
“बस्तर को नहीं होगा कोई नुकसान”
कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर में नक्सलवाद खत्म होने के बाद पेड़ों की कटाई और जंगल उद्योगपतियों को सौंपे जाने के कथित टिप्पणी को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता के बीच इस तरह का भ्रम फैला रहे हैं, जिसे बंद किया जाना चाहिए. वन मंत्री ने बस्तर की संस्कृति और प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखने की बात कहते हुए कहा कि बस्तर को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा.
बस्तर की जनता से भी आग्रह करना चाहता हूं कि वह ऐसे भ्रम में ना आए. यह कृत्य इस तरह के भ्रम फैलाने वाले लोगों की मासिकता को दर्शाता है-केदार कश्यप, वन मंत्री
कोंडागांव में वन महोत्सव, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि वन महोत्सव के माध्यम से शासन की ओर से प्रदेश में हरियाली बढ़ाने, वन संरक्षण को मजबूत करने और आम लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है. बीरापारा में आयोजित कार्यक्रम भी इसी अभियान की कड़ी रहा, जहां बड़ी संख्या में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया. ग्रामीणों को अनेकों सौगात भी दी.


